21 views 2 secs 0 comments

फ्रांस के बैस्टिल डे पर चीफ गेस्ट हैं PM मोदी, कई कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत 

In World News
July 14, 2023

14 जुलाई को फ्रांस का राष्ट्रीय दिवस है जिसे वह बैस्टिल डे के तौर पर मनाता है। इस बार फ्रांस का यह नेशनल डे भारत के लिए भी खास है। क्योंकि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खास निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। 14 साल के बाद ऐसा होगा जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री इस परेड का चीफ गेस्ट बनेगा।  

 

इस बार फ्रांस का यह नेशनल डे भारत के लिए भी काफी खास है। इसका जिक्र खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस समय किया जब वह ला सीन म्यूजिकल में भारतीयों को संबोधित कर रहे थे। पीएम मोदी ने कहा कि सैंकड़ों साल पहले फ्रांस की धरती पर लाखों भारतीय सैनिकों ने अपनी जिंदगी कुर्बान कर दी थी। पीएम मोदी ने कहा कि वही रेजीमेंट नेशनल डे पर हिस्सा लेने के लिए फ्रांस आई है। पीएम मोदी ने इसे एक गौरवशाली पल बताते हुए फ्रांस को थैंक्यू कहा। 

 

बैस्टिल डे के दिन फ्रांस में सार्वजनिक छुट्टी होती है और पूरा देश जश्न के माहौल में डूबा रहता है। इस दिन सैन्य परेड के साथ-साथ रात के समय में आतिशबाजी का भव्य आयोजन होता है। दरअसल, 14 जुलाई 1789 में फ्रांस में चल रही क्रांति के दौरान बैस्टिल किले पर हमला हुआ था। उसी हमले की याद में इस दिन को मनाया जाता है। पहली बैस्टिल डे परेड का आयोजन 1880 में हुआ था। इस बार खास बात यह है कि परेड में भारतीय सेना की टुकड़ियां भी शामिल हो रही है। भारतीय सेना की 269 सैनिकों वाली टुकड़ी यानी जल, थल और वायुसेना परेड में मार्च करती दिखाई देंगी। 

 

मिलिट्री परेड में तीनों भारतीय सेनाओं की 269 सैनिकों वाली टुकड़ी फ्रांस की सेनाओं के साथ मार्च करते हुए दिखाई देगी। लेकिन पंजाब रेजीमेंट की शौर्य गाथा के बारे में हर किसी को जानने की जरूरत है। दुनिया जानती है कि भारत और फ्रांस की सेनाओं के बीच प्रथम विश्व युद्ध से ही आपसी संपर्क जारी है। इस युद्ध में लाखों भारतीय सैनिकों ने हिस्सा लिया था। जिनमें करीब 74,000 सैनिकों ने कीचड़ भरी खाइयों में लड़ाई लड़ी थी। ये सैनिक फिर कभी वापस नहीं लौटे। जबकि 67,000 सैनिक बुरी तरह घायल हो गए थे।