कांग्रेस नेता राहुल गांधी फ्लाइंग किस विवाद में घिर गए हैं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा में राहुल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोकसभा सचिवालय के सूत्रों की मानें तो सदन में अमर्यादित व्यवहार की शिकायत मिली है, सभी से बात कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बीजेपी की महिला सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला से शिकायत कर फुटेज देखकर कार्रवाई की मांग की है।
लिखित में 22 महिलाओं के हस्ताक्षर वाले शिकायती पत्र में कहा गया है कि, जिस समय राहुल गांधी अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में भाषण दे रहे थे, उसके आखिर में उन्होंने फ्लाइंग किस दिया है। इसे अपमानजनक बताते हुए सांसदों ने ऐक्शन लेने को कहा है। अगर राहुल पर कार्रवाई की जाती है तो उन्हें चेतावनी दी जाएगी। इससे पहले राहुल के आंख मारने पर चेतावनी दी गई थी। हाल ही में सांसदी बहाल होने के बाद राहुल एक नए विवाद में फंसते दिख रहे हैं। महिला सांसदों ने आरोप लगाया है कि कभी आंख मारते हैं तो कभी फ्लाइंग किस देते हैं।
बीजेपी सांसद सुनीता दिग्गल ने कहा कि भारतीय संस्कृति के बारे में इन्हें (राहुल गांधी) ज्ञान नहीं है। पहले भी इस तरह का बर्ताव किया गया था। इन्हें समझना चाहिए कि सदन और महिला सांसदों की भी गरिमा होती है। अभी स्पीकर से इसकी शिकायत की गई है।
दर्शना जरदोष ने बताया कि स्पीकर ने जब स्मृति इरानी को बोलने के लिए कहा, उसी समय कांग्रेस के साथी उन्हें बधाई दे रहे थे कि आप बढ़िया बोले। वह सदन में खड़े होकर विक्ट्री साइन के साथ इस तरह का बर्ताव किया।
कांग्रेस की महिला सांसद गीता कोड़ा ने राहुल गांधी को सपोर्ट किया है। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं खासतौर पर मणिपुर की महिलाओं पर जितना राहुल गांधी जी ने कहा है, उस पर उनलोगों को जवाब देना चाहिए। INDIA के हमारे नेताओं ने मणिपुर जाकर महिलाओं की स्थिति देखी। इन्हें उसपर बात करनी चाहिए। ये क्या बेतुकी सी बात लेकर बैठ गए हैं। जो असल मुद्दा है, उसे बीजेपी भटका रही है। फ्लाइंग किस का गलत आरोप लगा रहे हैं। आज मणिपुर की महिलाओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उस पर बात कीजिए।