29 views 20 secs 0 comments

INDIA बनाम BHARAT की जंग में भिड़े बीजेपी और विपक्षी दल

In Politics
September 05, 2023

कांग्रेस पार्टी को ‘इंडिया’ सही लगता है, लेकिन ‘भारत’ शब्द पर आपत्ति है? ये सवाल इसलिए क्योंकि पार्टी के सीनियर नेता जयराम रमेश ने राष्ट्रपति के लेटर हेड पर ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ लिखे जाने पर विवाद खड़ा कर दिया। इसके बाद राहुल गांधी ने भी बता दिया कि भारत राज्यों का संघ है। 

दरअसल, भारत दुनिया के 20 विकसित और विकासशील देशों के संगठन जी-20 के शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है। राजधानी दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से विभिन्न राजनीतिक दलों, प्रमुख संगठनों और जानी मानी हस्तियों को न्योता भेजा जा रहा है। लेकिन लेटर हेड पर प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिखा होने पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस के सीनियर नेता जयराम रमेश ने इसपर आपत्ति दर्ज कराई तो पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इंडिया और भारत पर संविधान का हवाला दे दिया। दोनों नेताओं ने संविधान के अनुच्छेद 1 में वर्णित भारत के राज्यों का संघ होने का जिक्र किया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर आर्टिकल 1 ट्रेंड करने लगा और लोग चर्चा करने लगे कि आखिर संविधान के अनुच्छेद में इंडिया और भारत के बारे में क्या कहा गया है। 

राहुल गांधी ने आर्टिकल 1 में लिखा एक वाक्य ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, इंडिया यानी भारत, राज्यों का एक संघ है। इसी आधार पर उन्होंने एक देश एक चुनाव के विचार का भी खंडन किया। उन्होंने लिखा, एक देश एक चुनाव का विचार भारतीय संघ और इसके सभी राज्यों पर हमला है। 

जयराम रमेश ने राष्ट्रपति की तरफ से भेजी जा रही चिट्ठी पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को बांटने के लिए इतिहास को तोड़ मरोड़कर पेश कर रहे हैं। उन्होंने आर्टिकल 1 का जिक्र किया। रमेश ने ट्वीट किया, मि. मोदी इतिहास से छेड़छाड़ और इंडिया यानी भारत, जो राज्यों का संघ है, को बांटते रह सकते हैं, लेकिन हम डिगने वाले नहीं हैं। आखिरकार INDIA के घटक दलों का लक्ष्य क्या है। यह BHARAT है- Bring Harmony, Amity, Reconciliation And Trust (सद्भाव, मैत्री, मेल-मिलाप और विश्वास लाएं)। जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया!’

उन्होंने अपने इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, ‘तो खबर सही है। राष्ट्रपति भवन ने 9 सितंबर को जी-20 के भोज में शामिल होने के लिए ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ के नाम से न्योता भेजा है जबकि आमतौर पर ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ हुआ करता था। अब संविधान के अनुच्छेद 1 को पढ़ा जा सकता है, भारत यानी इंडिया, राज्यों का एक संघ होगा।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘लेकिन अब राज्यों का यह संघ भी निशाने पर है।’