बिहार की राजधानी पटना में एक बड़ा राजनीतिक मंच सज गया है। 15 विपक्षी पार्टी के नेता एक साथ बैठक कर रहे हैं। सभी का एक ही मकसद है केंद्र से बीजेपी को कैसे उखाड़ कर फेंका जाए। इसी कवायद के लिए आज बैठक हो रही है। विपक्ष के इस बैठक पर बीजेपी ने हमला बोला है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा है। जेपी नड्डा ने उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा कि आज वो पटना पहुंचे हैं। इनके पिता हिंदू सम्राट बाला साहेब ठाकरे कहा करते थे कि शिवसेना को कांग्रेस नहीं बनने देंगे।
ओडिशा के कालाहांडी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, आजादी के अमृतकाल में पीएम मोदी ने लक्ष्य तय किया है। हम विकासशील देश नहीं कहलाएंगे। बल्कि आने वाले समय में भारत विकसित राष्ट्र होगा और हम सब मिलकर अपने देश को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे। इस दौरान नड्डा ने पीएम मोदी की अमेरिकी यात्रा का भी जिक्र किया।
नड्डा ने कांग्रेसियों के पुराने बयानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इनलोगों ने पीएम मोदी के लिए सांप, बिच्छू, नीच, अनपढ़, चायवाला जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, लेकिन इनको ये नहीं पता है कि इनके बोलने से कुछ नहीं होता, देश की 140 करोड़ जनता पीएम मोदी के साथ है। नड्डा ने कहा कि आज बहुत आश्चर्य की बात है कि विपक्षी पार्टी के नेता बिहार में गलबहियां कर रहे हैं। लेकिन ये भूल गए कि लालू यादव को राहुल गांधी की दादी (आपातकाल के दौरान) ने 22 महीने के लिए जेल में डाल दिया था। 20 महीने नीतीश कुमार जेल में थे। आज पटना की धरती पर राहुल गांधी का स्वागत करते हुए तस्वीरें देखी तो सोच रहा हूं कि राजनीति में क्या हो गया है।
वहीं जम्मू कश्मीर के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि, उनकी पार्टी इस बार के लोकसभा चुनावों में तीन सौ से ज्यादा सीटें जीतेंगी। जबकि पटना में चल रही बैठक पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो पुल नहीं बना पाते हैं वो डेमोक्रेटिक पुल क्या बनाएंगे। शाह ने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनावों में विपक्ष फिर बुरी तरह से हारेगा। शाह ने तंज कसते हुए कहा कि, विपक्ष चुनाव आते ही एक होने लगता है, जिसके बाद पता नहीं चलता है कि इसका क्या हुआ।