30 views 2 secs 0 comments

राजकीय यात्रा पर भारत आएंगे सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, भारत के सर्वोच्य सम्मान से होंगे सम्मानित

In Blog
August 28, 2023

सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान अगले महीने जी-20 शिखर सम्मेलन के साथ-साथ भारत की राजकीय यात्रा पर आने वाले हैं। राजधानी दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन 9 से 10 सितंबर को होगा। जबकि क्राउन प्रिंस की राजकीय यात्रा 11 सितंबर हो होगी। यह यात्रा बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि उन्हें भारत की सरकार की ओर से सर्वोच्च सम्मान दिया जाएगा, जिसमें नई दिल्ली राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा। यह क्राउन प्रिंस की पहली भारत यात्रा नहीं है। इससे पहले भी वो भारत आ चुके हैं। 

इससे पहले क्राउन प्रिंस फरवरी 2019 में भारत आ चुके हैं। तब वह सऊदी अरब के पहले उप प्रधानमंत्री थे। हलांकि इस बार वह भारत सऊदी अरब के प्रधानमंत्री बन कर नई दिल्ली आ रहे हैं। MBS की यात्रा तैयारी को लेकर पिछले हफ्ते सऊदी अरब के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में चर्चा की। अक्टूबर 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सऊदी अरब की यात्रा पर गए थे। 2016 के बाद यह उनकी दूसरी यात्रा थी। पीएम मोदी की 2019 की यात्रा के परिणामस्वरूप सऊदी अरब और भारत के बीच रणनीतिक साझेदारी परिषद की स्थापना हुई, जो मील का पत्थर रहा। 

इस पहल में दो समानांतर ट्रैक है। पहला राजनीतिक, सुरक्षा, सांस्कृतिक और सामाजिक पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करना है, जिसका नेतृत्व दोनों देशों के विदेश मंत्री करते हैं। वहीं दूसरे में आर्थिक और निवेश से जुड़ी चीजों पर ध्यान दिया जाता है, जिसका नेतृत्व भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री और सऊदी के ऊर्जा मंत्री करते हैं। सऊदी अरब भारत का प्रमुख भागीदार देश बन गया है, खासकर पश्चिम एशियाई क्षेत्रों में। साथ ही सऊदी अरब अब ब्रिक्स में भी शामिल हो गया है, इसलिए यह भागीदारी और भी मजबूत होती है।

भारत और सऊदी का व्यापार 

अगर दोनों देशों में व्यापार की बात करें तो सऊदी अरब भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। ऊर्जा से जुड़ी जरूरतें इसमें सबसे ऊपर है। भारत का 18 फीसदी से ज्यादा कच्चा तेल सऊदी अरब से आयात होता है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 29.28 अरब डॉलर का था। भारत ने सऊदी अरब से 22.65 अरब डॉलर का सामान खरीदा है। वहीं 6.63 अरब डॉलर का निर्यात भी किया है। सऊदी अरब में भारतीयों की एक बड़ी आबादी रहती है, जिससे यह रिश्ता और भी मजबूत होता है।