लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने लोकसभा में इस पर बहस शुरू की। लेकिन लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा से पहले ही सदन में हंगामा शुरु हो गया। दरअसल, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के एक बयान से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नाराज हो गए। उन्होंने गौरव गोगोई को चुनौती दे दी।
अविश्वास प्रस्ताव पर जैसे ही चर्चा की शुरूआत हुई, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने विपक्ष की चर्चा की शुरुआत करने वाले नेता के नाम को लेकर पूछने लगे। उन्होंने कहा कि, सर हम तो राहुल गांधी को सुनना चाहते थे। ऐसा क्या हुआ कि 11.55 तक तो चर्चा की शुरूआत करने वालों में राहुल गांधी का नाम पहले था, अब गौरव गोगोई बोल रहे हैं। हम तो उनको सुनना चाहते थे।
इसके बाद गौरव गोगोई ने आसन की तरफ इशारा करते हुए कहा कि, आपके दफ्तर के अंदर में क्या बात हुई हम भी बताएं क्या? पीएम मोदी आपके दफ्तर के अंदर क्या-क्या बोलते हैं? गोगोई ने कहा कि हम सबकी विश्वसनीयता बनाकर रखते हैं। अगर ऐसी परंपरा शुरू होती है तो हम भी बाहर आपकी बात रख सकते हैं। आप संसदीय मंत्री हैं, आप अपना कर्तव्य याद रखिए।
फिर क्या था इसी बात पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भड़क गए। इसे काफी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि, ये बताना चाहिए पीएम मोदी क्या बोलते हैं। ये गंभीर मुद्दा है। कोई भी नेता ऐसे ही अनाप-शनाप नहीं बोल सकता है।
जैसे ही सदन में सत्ता पक्ष के नेता विपक्ष पर हमलावर हुए तो लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बीच- बचाव किया। उन्होंने कहा कि, जिसका कोई तथ्य और सत्य नहीं हो, ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। अहम विषय पर चर्चा कर रहे हैं। हम सभी सदन की परंपराओं के अनुसार बोलें, अविश्वास प्रस्ताव एक गंभीर प्रस्ताव है। उसकी गंभीरता को ध्यान में रखें।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने सदन में चर्चा के दौरान कहा कि, प्रधानमंत्री को यह स्वीकार करना होगा कि उनकी डबल इंजन की सरकार, मणिपुर में विफल हो गई। इसलिए मणिपुर में 150 लोगों की मृत्यु हो गई। लगभग 5000 घर जला दिए गए, लगभग 60,000 लोग राहत शिविरों में हैं और लगभग 6500 एफआईआर दर्ज की गई है। राज्य के सीएम जिन्हें बातचीत का शांति और सद्भाव का माहौल बनाना चाहिए था, उन्होंने पिछले 2-3 दिनों में भड़काऊ कदम उठाए हैं जससे समाज में तनाव पैदा हो गया है।
लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई का संबोधन पूरा होने के बाद बीजेपी नेता निशिकांत दुबे को बोलने के आमंत्रित किया गया। लेकिन जैसे ही दुबे ने बोलना शुरू किया, विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिसपर दुबे ने कहा कि, इसके बाद राहुल जी भी नहीं बोल पाएंगे और विपक्ष का कोई नेता नहीं बोल पाएगा। मैंने आपको धैर्यपूर्वक सुना है तो आप भी मुझे सुनिए…ये हाउस नहीं चलेगा।