प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस ने देश का सबसे सर्वोच्च नागरिक और सैन्य सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया है। गुरुवार की शाम पेरिस के एलीसी पैलेस में एक निजी रात्रिभोज के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी को यह पुरस्कार प्रदान किया। पीएम मोदी को मिले इस सम्मान पर भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि, भारत के लोगों की ओर से इस अद्वितीय सम्मान के लिए धन्यवाद। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इस पुरस्कार को भारत फ्रांस साझेदारी की भावना का गर्मजोशी से भरा प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद मोदी, फ्रांस की ओर से यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। इस सम्मान के जरिए उन्होंने भारत के हिस्से एक और नया इतिहास जोड़ दिया है। फ्रांस ने इससे पहले ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से दुनियाभर के प्रमुख नेताओं और हस्तियों से सम्मानित किया है। इसमें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस-घाली शामिल हैं। इससे पहले जून में मिस्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऑर्डर ऑफ द नाइल से सम्मानित किया था।
पीएम मोदी ने फ्रांस की अपनी दो दिवसीय यात्रा की शुरुआत गुरुवार को अपने फ्रांसीसी समकक्ष एलिजाबेथ बोर्न और सीनेट अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर के साथ सार्थक बैठकों से शुरू की। इस दौरान उन्होंने यूरोपीय देश के साथ भारत की दीर्घकालिक और समय पर खरी उतरी रणनीतिक साझेदारी को नयी गति प्रदान करने के तरीकों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हवाई अड्डे पर फ्रांसीसी प्रधानमंत्री बोर्न ने स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि दोनों प्रधानमंत्रियों ने आर्थिक और व्यापार, ऊर्जा, पार्यावरण, शिक्षा, रेलवे, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और लोगों से लोगों के संपर्क जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की।
पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ व्यापक वार्ता करने वाले हैं। इसके साथ ही विशिष्ठ अतिथि के रूप में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भी शामिल होंगे। मोदी ने पेरिस के होटल में पहुंचने के बाद बच्चों और भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत की। होटल के बाहर इंतजार कर रहे भारतीय समुदाय के उत्साही सदस्यों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान भारत माता की जय के नारे लगाए।
पीएम मोदी ने कहा कि, पेरिस में भारतीय प्रवासियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। दुनिया भर में हमारे प्रवासियों ने अपनी पहचान बनाई है और उनके परिश्रम एवं मेहनती प्रकृति की प्रशंसा की जाती है। बैस्टिल दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए भारतीय सेना के तीनों अंगों की 269 सदस्यों की टुकड़ी वहां मौजूद है। इसमें फ्रांसीसी लड़ाकू विमानों के साथ भारतीय वायुसेना के तीन राफेल लड़ाकू विमान भी हिस्सा लेंगे।