25 views 3 secs 0 comments

भारतीय कुश्ती संघ की मान्यता रद्द, यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) ने लिया एक्शन

In Sports
August 24, 2023

देश के पहलवानों को बड़ा झटका लगा है। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) की सदस्यता रद्द कर दी है। चुनाव में देरी के कारण यूनाइडेट वर्ल्ड रेसलिंग ने यह फैसला लिया है। मई के आखिरी में यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने चुनाव के बारे में जानकारी नहीं देने पर भारतीय कुश्ती संघ को निलंबित करने की बात कही थी। 12 अगस्त को कुश्ती संघ का चुनाव होना था लेकिन इससे एक दिन पहले ही पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने इसपर रोक लगा दी।  

 

यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने मई में भारतीय कुश्ती संघ से 45 दिनों के अंदर चुनाव कराने के लिए कहा था। लेकिन करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी चुनाव नहीं हुए। इन्हीं वजहों से यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने यह एक्शन लिया है। भारतीय ओलंपिक संघ ने 27 अप्रैल को तदर्थ पैनल नियुक्त किया था और समिति को 45 दिनों के अंदर चुनाव कराने थे। पहले 7 मई को चुनाव होना था लेकिन खेल मंत्रालय ने इस प्रक्रिया को अमान्य घोषित कर दिया था। जुलाई में होने वाले चुनाव से पहले असम रेसलिंग एसोसिएशन अपनी मान्यता को लेकर असम हाईकोर्ट में पहुंच गई। जिसके बाद कोर्ट ने चुनाव पर स्टे लगा दिया। 

 

अब कुश्ती संघ पर बैन लगने के बाद भारतीय पहलवानों को आगामी विश्व चैंपियनशिप में भारतीय झंडे के नीचे प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति नहीं होगी। भारतीय पहलवानों को 16 सितंबर से शुरू होने वाली ओलंपिक क्वालीफाइंग विश्व चैंपियनशिप में तटस्थ एथलीटों के रूप में खेलना होगा। 

 

दरअसल, भारतीय कुश्ती में पिछले कुछ समय से बवाल मचा हुआ है। विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया के साथ-साथ कई पहलवानों ने तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाया था। पहलवानों ने काफी समय तक धरना प्रदर्शन किया। जिसके बाद खेल मंत्रालय ने फेडरेशन के पदाधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। पदाधिकारियों को सस्पेंड करने के बाद एडहॉक कमेटी फेडरेशन का काम संभाल रही थी।